60-हजार रुपए किलो बिक रही लखनऊ में सोने की मिठाई:* 10 देशों के ड्राईफ्रूट से बनी गोल्ड प्लेटेड; पटाखेवाली, टर्की बकलावा, अंजीर की डिमांड
लखनऊ में इस दिवाली फिर से 60 हजार रुपए किलो वाली मिठाई की जबरदस्त बिक्री हो रही है। यह सोने की मिठाई 10 देशों के ड्राई फ्रूट से बनी है। सामान्य व्यक्तियों के अलावा यह बीमारों के लिए भी फायदेमंद है।
गोल्ड प्लेटेड मिठाई के साथ इस बार पटाखेवाली मिठाई भी मार्केट में आई है। अंजीर, खजूर और मैंगो की मिठाई मिल रही है। छेना, खोया, मोतीचूर के लड्डू, टर्की बकलावा, मिल्क केक, सोन पापड़ी, वाइट चॉकलेट और खजूर की मिठाई भी खूब बिक रही है। मिठाइयों में जायके के साथ स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मिठाई पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज की जा रही है।
20 रुपए से 3 हजार तक हैंपर्स की कीमत
प्रसिद्ध छप्पन भोग ने इस बार दिवाली गिफ्टिंग के लिए बेहद क्रिएटिव अंदाज अपनाया है। यहां मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स को पारंपरिक डिब्बों के बजाय लाल रंग के सिलेंडरनुमा पटाखे, हरे सुतली बम, अनार और चकरी के आकार वाले खास कंटेनरों में पैक किया जा रहा है।
इतना ही नहीं, पेपर हॉट एयर बैलून की थीम पर सजे आकर्षक गिफ्ट हैंपर्स भी ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। इस अनोखी और प्रीमियम पैकिंग वाले हैंपर्स की कीमत 20 रुपए से शुरू होकर 3,000 रुपए तक रखी गई है।
USA की ब्लूबेरी, ईरान के पिस्ते का इस्तेमाल
सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाली सुपर-लग्जरी गोल्ड प्लेटेड मिठाई है। दुकानदार क्षितिज ने बताया कि हमारी दुकान की सबसे यूनीक मिठाई सोने की परत वाली एग्जॉटिका है जिसकी कीमत 60 हजार रुपए किलो है। सबसे महंगी मिठाई बनाने की शुरुआत साल 2009 में हुई थी, तब उसकी कीमत 25 हजार प्रति किलो थी।
इसकी खासियत ये है कि दुनिया के अलग-अलग कोनों की चीज इस्तेमाल हुई है। USA की ब्लूबेरी, ईरान का पिस्ता, अफगानिस्तान का बादाम, साउथ अफ्रीका का मैकाडामिया नट्स, ब्राजील नट्स, किन्नौर का चिलगोजा, कश्मीर का केसर और सोने की परत इसे खास बताती है। इस खास मिठाई को हम लोग संदूक में सजा कर रखते हैं। मिठाई के एक बाइट में आदमी पूरे विश्व के जायके को चख लेता है।
मिठाइयों में 50 तरह की वैरायटी
शर्मा स्वीट्स हाउस के मालिक दिनेश शर्मा ने बताया कि मिठाइयों में 50 से अधिक वैरायटी है। मगर इस बार इंजीर की कटलेट, खजूर लड्डू और मैंगो बाइट विशेष रूप से तैयार किया गया है। अंजीर और खजूर को की मिठाई डायबिटीज और बीपी जैसे मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
प्रीमियम मिठाइयां हैं, जिसमें भुने हुए ड्राई फ्रूट डालते हैं, जो जायके को और बढ़ावा देता है। उन्होंने बताया कि मैंगो बाइट 1000 रुपए प्रति किलो है। काजू कतली की शुरुआत 1400 से लेकर 5000 रुपए प्रति किलो है। गिफ्ट पैकिंग में ₹1500 से लेकर ₹5000 तक की मिठाइयां लोग खरीद रहे हैं।
400 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद
पूरे शहर में 3000 से अधिक छोटी बड़ी मिठाई की दुकानें सजी हैं। व्यापारियों ने बताया कि मिठाई में बड़े-बड़े कॉर्पोरेट ऑर्डर मिल रहे हैं। दीवाली के अंतिम दिन तक लोग मिठाई खरीदने हैं और गिफ्ट के रूप में पैक करवाते हैं। इस के अनुसार 400 करोड़ से अधिक मिठाई के कारोबार होने की उम्मीद है।