फौजी पति की लाश से लिपटकर रोई पत्नी:* लखनऊ में करंट से हुई मौत, दिवाली पर पिता को THAR गिफ्ट करने वाले थे
शामली के रहने वाले सेना के जवान की लखनऊ में मौत हो गई। पार्थिव शरीर पैतृक गांव कैड़ी पहुंचा। लाश देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी लाश से लिपटकर रोने लगी। रोते-रोते बेहोश हो गईं, तो रिश्तेदारों ने संभाला।
धनतेरस वाले दिन यानी शुक्रवार शाम सेना अफसरों के साथ पार्थिव शरीर गांव लाया गया। जैसे ही शव घर पहुंचा, मां-बाप और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा।
योगेंद्र राणा (30) 2019 में सेना में भर्ती हुए थे। लखनऊ में आर्मी मेडिकल कोर में तैनात थे। गुरुवार को ड्यूटी के बाद सरकारी क्वार्टर में करंट लगने से उनकी मौत हो गई थी। शनिवार सुबह उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पिता अजय कुमार ने बताया कि बेटे ने फोन पर दिवाली से पहले घर आने की बात कही थी। दीपावली पर उनके लिए थार गाड़ी लाने का वादा किया था। साथ ही आर्मी अस्पताल में उनकी हार्ट सर्जरी कराने की बात भी कही थी।