फर्रुखाबाद में घर से तोता उड़ गया:* परिवार ने पोस्टर लगाए, सूचना देने वाले को इनाम; याद में नहीं मनाया बर्थडे
फर्रुखाबाद में 1 नवंबर को घर से तोता उड़ गया। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। अब परिवार ने पोस्टर लगाए हैं और सूचना देने वाले को इनाम देने की बात लिखी है।
मोहल्ला मिठू कूंचा निवासी वंदना दीक्षित के परिवार ने करीब डेढ़ साल पहले 500 रुपए में तोता खरीदा था। परिवार ने उसका नाम मिट्ठू रखा था।
मिठू घर में इधर-उधर घूमता, खिलौनों से खेलता और 'मिट्ठू', 'बेटू' व 'सीताराम' जैसे शब्द बोलता था। परिवार उसे अपने सदस्य की तरह मानता था। उसके खाने के लिए सेरेलेक भी लाया जाता था।
परिवार की बेटी संस्कृति दीक्षित कक्षा 12 में पढ़ती है और मिठू का खास ख्याल रखती थी। आयुषी, संकल्प, संस्कृति और विधि को भी उससे लगाव था।
परिवार की सबसे छोटी बेटी आयुषी स्कूल से आने के बाद मिठू के साथ खेलती थी। 1 नवंबर को आयुषी का जन्मदिन भी था। परिवार ने जन्मदिन मनाने की तैयारी की थी, लेकिन मिठू के उड़ जाने के बाद सभी उसकी तलाश में लग गए।
ऐसे में 1 नवंबर को आयुषी का बर्थडे भी नहीं मनाया गया।
परिवार का कहना है कि मिठू की आवाज से घर में रौनक रहती थी। उसके उड़ जाने के बाद घर में सन्नाटा है।
तीन दिन तक नहीं खाया खाना
बताया क्या की बंदना का मिठू के प्रति गहरा लगाव था। मिठू के उड़ जाने के बाद वंदना ने तीन दिन तक खाना नहीं खाया। दीपावली का त्यौहार है, ऐसे में लोग मिट्ठू को याद कर रहे हैं। भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि उनका मिठू वापस आ जाए।
शहर में लगवाए पोस्टर
परिजनों ने शहर में जगह-जगह मिठू के गुम होने के पोस्टर लगवाए हैं और लोगों से उसे तलाशने में मदद की अपील की है। परिवार का कहना है कि जो भी मिठू को खोजकर वापस लाएगा, उसे उचित इनाम दिया जाएगा। जिस घर में कभी मिट्ठू की आवाज गूंजती थी, आज वहां के बच्चे उसकी आवाज सुनने को तरस रहे हैं। परिवार की इस दीपावली पर बस एक ही ख्वाहिश है कि उनका प्यारा मिट्ठू लौट आए और घर की रौनक फिर से वापस आ जाए।