सूर्यपुरा डिग्री कॉलेज में हिंदी दिवस पखवाड़ा, काव्य-पाठ में विद्यार्थियों ने बांधा समां
सूर्यपुरा। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सूर्यपुरा में हिंदी दिवस पखवाड़ा के तहत साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से काव्य-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी काव्य प्रतिभा, अभिव्यक्ति कौशल एवं रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में इंदु तापेश्वर महिला महाविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. पुष्पा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने काव्य-पाठ के दौरान कई गजल और कविताएं भी प्रस्तुत कीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल साहित्यिक और मनोरंजक हो गया।
वहीं अंजिबीत सिंह कॉलेज, बिक्रमगंज के हिंदी विभागाध्यक्ष सहायक प्राध्यापक चंद्रशेखर कुमार ने हिंदी भाषा और साहित्य की उपयोगिता पर अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को साहित्यिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अलाउद्दीन अजीज ने की। वहीं प्राचार्य डॉ. प्रो. पुष्पा राणा ‘राशिक’ की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न भावों एवं विषयों पर कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया। प्रतिभागियों का मूल्यांकन काव्य-पाठ शैली, उच्चारण, भावाभिव्यक्ति, विषय-वस्तु एवं प्रस्तुति के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता में सत्य कुमारी ने प्रथम, नंदनी कुमारी ने द्वितीय तथा नंदनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के सभी छह विषयों के 12 प्राध्यापकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन सहायक प्राध्यापक प्रभाकर कुमार एवं सहायक प्राध्यापक मिंटू कुमारी ने किया। विजेता विद्यार्थियों को हिंदी दिवस पखवाड़ा के अंतिम कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।