भलूनी धाम में लगेगी आंबेडकर, भोला पासवान शास्त्री और रामविलास पासवान की प्रतिमा
दिनारा प्रखंड स्थित मां भलूनी धाम देवी मंदिर के पास स्थित राहु मंदिर परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री और पद्म विभूषण से सम्मानित रामविलास पासवान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसे लेकर सोमवार को मंदिर परिसर में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिमा स्थापना की आधारशिला बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय पासवान, अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखनेद्र पासवान, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह, चेनारी विधायक मुरारी गौतम, डेहरी विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में रखी गई।
भूमि पूजन के साथ ही मंदिर परिसर में विकास कार्य भी कराया जाएगा। मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रतिमाओं की स्थापना के माध्यम से इन महापुरुषों के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।