जमुई में छात्रा से बदसलूकी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने पैर में मारी गोली, 8 गिरफ्तार
जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और उसका वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक नंदन यादव उसी मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा था, जहां 19 सितंबर की शाम दोनों 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा घूमने गए थे। पुलिस ने मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग और दो आरोपी 35 से 40 वर्ष की उम्र के बताए जा रहे हैं। वीडियो वायरल करने के आरोप में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने हरेराम नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। बताया गया कि वह भी जंगल क्षेत्र में छिपा था और पुलिस से बचकर भागने के दौरान गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। उसे भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीडियो वायरल करने के आरोप में रामाशीष चौधरी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की बताई गई है। आरोप है कि ट्यूशन के बाद मड़वा पहाड़ी घूमने गए दोनों छात्रों को कुछ युवकों ने रोक लिया। छात्रा के साथ अभद्रता और उसके दोस्त के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।
मामले को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। विपक्ष ने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि सरकार की ओर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।