25 हजार सोलर लाभार्थियों को मिली राज्य सरकार की अतिरिक्त वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना का किया शुभारंभ, 9 सोलर रथ रवाना
सासाराम। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को गति देने और अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना शुरू की है। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने वाले राज्य के 25 हजार लाभार्थियों को राज्य सरकार की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का हस्तांतरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 9 सोलर रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही सोलर सेवा सेतु कैंप का निरीक्षण किया और योजना के लाभार्थियों से संवाद किया। सासाराम स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में जिलाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा, विधायक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता इंद्रदेव कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता ब्रवीम, डेहरी के कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना के लाभ, उद्देश्यों और वित्तीय सहायता के प्रावधानों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1 किलोवाट पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त बिहार सरकार 1 किलोवाट पर 10 हजार और 3 किलोवाट तक अधिकतम 20 हजार रुपये की सहायता दे रही है। इस तरह 3 किलोवाट का रूफटॉप सोलर लगाने वाले पात्र उपभोक्ता को केंद्र और राज्य सरकार से अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है।