तहसीलदार चंदेरी द्वारा होटल एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण
--
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चंदेरी श्री मनीष धनगर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बुधवार को नगर स्थित होटल, रेस्टोरेंट एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जैन स्वीट्स, शंकर लस्सी हाउस, श्रीकृष्णा रेस्टोरेंट, अमित होटल एवं महावीर जैन भोजनालय का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में तहसीलदार श्री दिलीप दरोगा, नायब तहसीलदार श्री शिवसिंह कोरकू, खाद्य विभाग एवं पटवारी मुकेश नगरपालिका चंदेरी के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से दुकानों में उपलब्ध मिठाइयों की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकान शंकर लस्सी हाउस में मिठाई की गुणवत्ता को देखा गया कुछ मिठाई ठीक न होने से मिठाई को हटवाकर नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त संबंधित दुकान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई रखने तथा खाद्य सामग्री को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों पर साफ-सफाई में कमी पाई गई, वहां संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध मौके पर जुर्माना अधिरोपित कर राशि की रसीद प्राप्त की गई।
प्रशासन द्वारा होटल, रेस्टोरेंट एवं मिठाई दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। भविष्य में भी इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
#ashoknagar