बिलग्राम में DM राहुल पाण्डेय का सख्त एक्शन! समाधान दिवस से गायब अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश, लेखपाल-कानूनगो को भी चेतावनी
हरदोई जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में तहसील बिलग्राम में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि यदि शिकायतों के निस्तारण में लेखपाल, कानूनगो अथवा तहसीलदार स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में अधिकारी मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिलग्राम, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित संबंधित जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
Hardoi, Hardoi | Nov 10, 2026