एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच; सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए, अभिभावकों को आयरन सिरप के सुरक्षित सेवन के संबंध में किया गया जागरूक
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत 6 माह से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से निर्धारित समय एवं मात्रा के अनुसार आयरन सिरप/टैबलेट का सेवन कराया जा रहा है।
इसी क्रम में रतनी फरीदपुर प्रखंड अंतर्गत एक आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को निर्धारित मात्रा में आयरन सिरप पिलाए जाने के पश्चात 25 बच्चों में उल्टी की शिकायत की सूचना प्राप्त हुई। उक्त सूचना के संज्ञान में आते ही जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस तथा संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा तत्काल मामले की जांच की गई और बच्चों के स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया गया।
जांच के दौरान चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि आयरन सिरप के सेवन के बाद कुछ बच्चों में कभी-कभी उल्टी जैसी सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है। खाली पेट आयरन सिरप का सेवन करने अथवा सिरप के स्वाद एवं गंध के कारण भी कुछ बच्चों में ऐसी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। सामान्य परिस्थितियों में यह चिंताजनक नहीं होती है।
चिकित्सक की उपस्थिति में अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) श्री तेज नारायण राय द्वारा बच्चों के अभिभावकों को आवश्यक जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि बच्चे को सीमित बार उल्टी होती है, तो प्राथमिक रूप से ORS का घोल देते हुए बच्चे की निगरानी की जाए। यदि उल्टी बार-बार हो अथवा बच्चे में कोई अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दे, तो तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा अन्य स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया जाए।
जांच के दौरान सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए। संबंधित बच्चों के अभिभावकों को आयरन सिरप के सही सेवन की विधि, निर्धारित मात्रा तथा सेवन के बाद कभी-कभी होने वाली सामान्य प्रतिक्रियाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता प्रदान की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस को निर्देश दिया गया है कि जिले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर सेविका एवं संबंधित आशा कार्यकर्ता आपसी समन्वय स्थापित करते हुए बच्चों के अभिभावकों को आयरन सिरप/टैबलेट के सही सेवन, निर्धारित मात्रा तथा सेवन के बाद होने वाली संभावित सामान्य प्रतिक्रियाओं, जैसे उल्टी, चक्कर आदि के संबंध में पूर्व से जागरूक करें। साथ ही, दवा के सेवन के उपरांत बच्चों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक देखभाल सुनिश्चित की जाए।
T.B.मुक्त भारत अभियान के तहत एक्स-रे जांच में प्रगति की समीक्षा की गई|
जिला पदाधिकारी द्वारा टी बी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निर्धारित स्क्रीनिंग के अनुरूप शत-प्रतिशत एक्स-रे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। हुलासगंज प्रखंड में अपेक्षित संख्या में एक्स-रे नहीं होने के संबंध में संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी(MOIC) से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया है।
‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के द्वारा प्रति स्वास्थ्य केंद्र 70 लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया|
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
#BiharHealthDepartment