*मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली पर चार दिवसीय प्रशिक्षण के लिए 38 प्रगतिशील किसानों का दल पूर्वी चंपारण रवाना*
भागलपुर, दिनांक 24 नवंबर 2026। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर के तत्वावधान में मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली विषय पर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जिले के 38 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों को आज कृषि भवन परिसर, तिलकामांझी, भागलपुर से रवाना किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 25 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक पंडित दीन दयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, पिपराकोठी, पूर्वी चंपारण, बिहार में आयोजित किया जाएगा।
उप परियोजना निदेशक, आत्मा, भागलपुर श्री प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मखाना की खेती के साथ मत्स्य पालन को जोड़ते हुए समेकित कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों को इस प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों एवं समेकित खेती की जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे वे कृषि गतिविधियों को अधिक लाभकारी बना सकें, आत्मनिर्भर बनें तथा अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
प्रशिक्षणार्थी किसानों के दल को श्री परमेश्वर कुमार सिंह एवं श्री कुमार गौतम, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, नवगछिया/बिहपुर के नेतृत्व में रवाना किया गया।
इस प्रशिक्षण से किसानों को मखाना उत्पादन, मत्स्य पालन एवं समेकित कृषि प्रणाली के व्यावहारिक ज्ञान से लाभ मिलेगा, जो जिले में कृषि विकास तथा किसानों की आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar
5 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 24, 2026