जिला स्तरीय सलाहकार समिति (DLCC) एवं जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित, बैंक ऋण वितरण एवं लंबित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
भागलपुर, 23 नवंबर 2026। आज दिनांक 23 नवंबर 2026 को जिला समीक्षा भवन, भागलपुर में जिला स्तरीय सलाहकार समिति (DLCC) एवं जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की बैंकिंग गतिविधियों, ऋण वितरण की प्रगति, वार्षिक ऋण योजना (ACP), वित्तीय समावेशन तथा यूको आरसेटी के माध्यम से संचालित स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, भागलपुर, भारतीय रिजर्व बैंक के LDO, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM), DRDA निदेशक, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, जिला अग्रणी प्रबंधक (LDM), निदेशक, यूको आरसेटी, भागलपुर तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले का ऋण-जमा अनुपात (CD Ratio) 54.01 प्रतिशत एवं वार्षिक ऋण योजना (ACP) की उपलब्धि 29.55 प्रतिशत प्रस्तुत की गई। बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ऋण वितरण में तेजी लाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
यूको आरसेटी, भागलपुर से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों के बैंक ऋण आवेदनों की समीक्षा के दौरान कई आवेदन लंबित पाए गए। इस पर उप विकास आयुक्त, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड एवं भारतीय रिजर्व बैंक के LDO द्वारा सभी बैंकों को निर्देश दिया गया कि आरसेटी प्रशिक्षणार्थियों के लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें तथा 15 दिनों के भीतर प्रत्येक आवेदन पर संबंधित आवेदक को स्पष्ट जवाब उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास को प्रोत्साहित करने, प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं एवं महिलाओं को बैंक ऋण के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
अंत में सभी बैंक प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर जिले में ऋण वितरण की उपलब्धि में सुधार लाने, लंबित ऋण आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार सृजन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने का आह्वान किया गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bhagalpur, Bihar | Nov 23, 2026