#Balrampur ! मिशन शक्ति के तहत गांवों से स्कूलों तक पहुंची पुलिस, महिलाओं को बताए सुरक्षा और अधिकारों के रास्ते...
दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी...
#बलरामपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। बाल विवाह और दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति के साथ दंडनीय अपराध बताते हुए संबंधित कानूनी प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
पुलिस टीमों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की। इस दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई।
इसके अलावा महिलाओं को थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की उपयोगिता बताई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे कानूनी सहायता और परामर्श प्राप्त कर सकें। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
बलरामपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही।
#balrampurpolice