Bihar news : पुलिस अभिरक्षा में दिलशाद अंसारी की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित। सहोदरा थाने से ले जाए जा रहे एनडीपीएस कांड के अभियुक्त की मौत के बाद बेतिया पुलिस ने शुरू की निष्पक्ष जांच, मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत होगी कार्रवाई। पश्चिम चंपारण जिले में पुलिस अभिरक्षा के दौरान दिलशाद अंसारी की मौत के मामले में बेतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहोदरा थानाध्यक्ष समेत छह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बेतिया पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सहोदरा थाना कांड संख्या 65/25, दिनांक 2 अगस्त 2025, एनडीपीएस एक्ट के अभियुक्त दिलशाद अंसारी (पिता अकबर अंसारी), निवासी बढ़ई टोला औरैया, थाना बानूछापर, जिला पश्चिम चंपारण को 12 अक्टूबर को बानूछापर से गिरफ्तार कर सहोदरा थाना ले जाया जा रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शिकारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चलती पुलिस गाड़ी से कूदने के कारण दिलशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस बल ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, नरकटियागंज में भर्ती कराया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है, उनमें सहोदरा थानाध्यक्ष पु०अ०नि० रवि शंकर कुमार, पु०अ०नि० अरुण कुमार, सिपाही सौदागर कुमार यादव (1453), राज किशोर ऋषि (1451), कुंदन कुमार (1454) और चालक सिपाही सुमन कुमार (07) शामिल हैं।
निष्पक्ष जांच की प्रक्रिया शुरू
बेतिया पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अभिरक्षा में हुई इस मौत के बाद मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने को लेकर अब सबकी नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।#BettiahNews #WestChamparan #BiharPolice #DilshadAnsari #PoliceCustody #PoliceSuspension #BettiahPolice #BreakingNews #BiharNews #HumanRights #NHRC #PoliceInvestigation #CrimeNews #LatestNews #BiharBreakingNews #SahodraPolice #JusticeForDilshad #LocalNews