दिनदहाड़े बाइक पर हाथ साफ! गया के एपी कॉलोनी में चोर का कारनामा CCTV में कैद, पुलिस तलाश में जुटी
गया: गया शहर में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला रामपुर थाना क्षेत्र के एपी कॉलोनी मोहल्ले से सामने आया है, जहां रविवार को दिनदहाड़े एक शातिर चोर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि सोशल मीडिया पर भी यह फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एपी कॉलोनी में एक व्यक्ति अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर किसी काम से गया था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और काफी देर तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा। जब उसे मौका मिला तो वह बाइक के पास पहुंचा और कुछ ही क्षणों में बाइक लेकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
रविवार को जब सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर साझा करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बेहद शांत और आत्मविश्वास के साथ बाइक के पास पहुंचता है और बिना किसी डर के बाइक लेकर निकल जाता है। उसकी गतिविधियों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह पेशेवर चोर हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही बाइक मालिक ने रामपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
रामपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि बाइक चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। फुटेज में एक युवक चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। बाइक मालिक द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी हुई बाइक की बरामदगी भी की जाएगी। इधर, दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोर की तलाश जारी है।
#gayakepublic
#PatnaNews
#viralreelsシ
#viralreels
#GayaNews
#CrimeNews
#GayaPolice