केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर ₹5 लाख की ठगी! आरोपी गिरफ्तार!! फर्जी हेली टिकट बुकिंग का झांसा देकर श्रद्धालु से ऑनलाइन ठगी, रुद्रप्रयाग पुलिस ने ऋषिकेश से दबोचा आरोपी!!
केदारनाथ धाम यात्रा के नाम पर फर्जी हेली टिकट बुकिंग कर श्रद्धालु से करीब ₹5 लाख की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार पुरसाड़ी (चमोली) भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पुणे, महाराष्ट्र निवासी करण गुजराल की शिकायत पर अगस्त माह में कोतवाली गुप्तकाशी में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का आरोप लगाया गया था।
ऋषिकेश से गिरफ्तारी-
विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी राहुल थापा, निवासी शीशमबाड़ा, शेरपुर, देहरादून को पुलिस ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराता था।
मोबाइल से बैंक दस्तावेज तक बरामद-
आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक दस्तावेजों की जांच जारी है।
पुलिस पूछताछ में कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के संबंध में जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखी है।
श्रद्धालु रहें सावधान!
केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें। सोशल मीडिया लिंक, अनधिकृत वेबसाइट या अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में आकर ऑनलाइन भुगतान न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।
#Kedarnath #KedarnathYatra #HeliService #CyberFraud #OnlineFraud #RudraprayagPolice #KedarnathDham #UttarakhandNews #BreakingNews #CyberCrime