KBC का इनाम पाने के चक्कर में गंवाए डेढ़ करोड़!!
8.5 लाख रुपये और कार जीतने का झांसा!!
पीएम मोदी-अमिताभ बच्चन की तस्वीरें और RBI के फर्जी दस्तावेज भेजकर जीता भरोसा!!
रुद्रप्रयाग। कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के नाम पर साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ऊखीमठ तहसील क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने करीब 1.50 करोड़ रुपये ठग लिए। फेसबुक पर चल रहे कथित ‘KBC चेहरा पहचानो गेम’ में 8.5 लाख रुपये और कार जीतने का झांसा देकर ठगों ने कई महीनों तक अलग-अलग शुल्क और टैक्स के नाम पर रकम वसूल की। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण ने 14 जनवरी 2026 को फेसबुक पर ‘KBC चेहरा पहचानो’ गेम में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्हें 8.5 लाख रुपये की इनामी राशि जीतने का संदेश मिला। नितिन नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया और इनाम की रकम जारी कराने के लिए शुरुआत में टैक्स के नाम पर 1,550 रुपये जमा कराए।
इसके बाद ठगों ने अलग-अलग व्हाट्सऐप नंबरों से संपर्क करना शुरू किया। पीड़ित का भरोसा बढ़ाने के लिए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उद्योगपति मुकेश अंबानी और अभिनेता अमिताभ बच्चन की तस्वीरों के साथ RBI के कथित फर्जी दस्तावेज भी भेजे गए। ठगों ने दावा किया कि कमल सिंह ने 8.5 लाख रुपये के साथ एक चार पहिया वाहन भी जीता है।
मार्च से सितंबर 2026 के बीच इनाम और कार की डिलीवरी के नाम पर उनसे लगातार अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। शिकायत के मुताबिक उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई, चमोली जिला सहकारी बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के खातों से भुगतान किया। ठगों की मांग पूरी करने के लिए परिचितों से उधार लेकर भी रकम जुटाई गई। इस तरह करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठगों के खातों तक पहुंच गए।
न इनाम मिला, न कार, उलटे जब ठगों ने और रकम की मांग शुरू कर दी तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66, 66डी और बीएनएस की धारा 318(4), 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप अकाउंट, बैंक खातों और रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।