कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी का वीडियो वायरल—बोले, “सबकुछ करना, लेकिन ठेकेदारों से दोस्ती मत करना!!
जागतोली-दशज्यूला महोत्सव के समापन समारोह में मंत्री ने क्षेत्रवासियों को दी विकास कार्यों की सौगात, रुद्रप्रयाग और केदारनाथ विधानसभा क्षेत्रों में 100 से अधिक सड़कें स्वीकृत!!
रुद्रप्रयाग जिले के जागतोली में आयोजित पांच दिवसीय जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मंच से उन्होंने कहा—“सबकुछ करना, लेकिन ठेकेदारों के साथ दोस्ती मत करना।” मंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की कई सौगातें दीं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत रुद्रप्रयाग और केदारनाथ विधानसभा क्षेत्रों में 100 से अधिक सड़कों को स्वीकृति मिली है। सरकार का उद्देश्य जनपद के गांवों और तोकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ विकास को भी गति मिल सके।
मंत्री ने कहा कि कोठगी में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यहां कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।