सपा के PDA सम्मेलन में मंच पर सम्मान न मिलने से भड़कीं अनुराधा कठेरिया, जिला नेतृत्व को सुनाई खरी-खोटी
PDA में दलित महिलाओं का सम्मान कहां ?—सपा की राष्ट्रीय सचिव ने जताई नाराजगी, मीडिया के सामने भावुक होकर बयां किया दर्द
रिपोर्ट: जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
उरई (जालौन)। शहर के कोंच रोड स्थित मधुवन विला में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को आयोजित समाजवादी पार्टी के PDA कार्यकर्ता सम्मेलन में उस समय माहौल गरमा गया, जब पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एससी-एसटी प्रकोष्ठ अनुराधा कठेरिया ने मंच पर अपेक्षित सम्मान और स्थान न मिलने को लेकर नाराजगी जाहिर कर दी। उन्होंने जिला नेतृत्व पर उपेक्षा और गुटबाजी के आरोप लगाते हुए जमकर अपनी बात रखी।
सम्मेलन को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने संबोधित किया था। कार्यक्रम के दौरान अनुराधा कठेरिया ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ दलित महिला कार्यकर्ताओं की अपेक्षा नवागत कार्यकर्ताओं को अधिक तरजीह दी गई और उन्हें तथा अन्य दलित महिलाओं को मंच पर वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी वे हकदार थीं।
मंच पर सम्मान न मिलने से नाराज अनुराधा कठेरिया ने जिला संगठन के पदाधिकारियों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब समाजवादी पार्टी PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के सम्मान की बात करती है, तो संगठन के कार्यक्रम में ही महिलाओं और दलित नेताओं की उपेक्षा क्यों हो रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान वह भावुक भी नजर आईं। उन्होंने अपने मन की पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा के साथ खड़ी हैं, लेकिन संगठन के भीतर यदि महिलाओं और दलित नेताओं के साथ भेदभाव होता है तो वह आवाज उठाती रहेंगी। उन्होंने यहां तक कहा कि जरूरत पड़े तो पार्टी उन्हें निकाल भी दे, लेकिन वह समाज की आवाज उठाना बंद नहीं करेंगी।
अनुराधा कठेरिया ने पार्टी नेतृत्व से पूरे मामले का संज्ञान लेने और संगठन में महिलाओं, खासकर दलित महिलाओं को उचित सम्मान और भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। उनके इस विरोध के बाद सम्मेलन के दौरान संगठन के भीतर सम्मान और भागीदारी को लेकर सवाल खड़े हो गए।
अब बड़ा सवाल यही है कि जिस PDA के जरिए समाजवादी पार्टी पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को राजनीतिक भागीदारी और सम्मान देने की बात करती है, उसी मंच पर एक वरिष्ठ महिला पदाधिकारी की नाराजगी सामने आने के बाद जिला संगठन और पार्टी नेतृत्व इस मामले को किस तरह देखता है।
#SamajwadiParty #PDA #PDAConference #AnuradhaKatheria #Jalaun #Orai #UttarPradesh #SP #AkhileshYadav #DalitWomen #WomenRespect #PoliticalNews #UPPolitics #JalaunNews #OraiNews #MadhubanVilla #uttarpradesh #PoliticalControversy #SocialJustice #PDAWorkerConference #BolDoBharat
Akhilesh Yadav Samajwadi Party
Orai, Jalaun | Sep 10, 2026