कला उत्सव में आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज का शानदार प्रदर्शन, लगातार चौथे साल जनपद में दबदबा
शास्त्रीय संगीत वादन (तबला) में निमेष गोस्वामी ने लगातार तीसरे वर्ष प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया
उरई (जालौन)। जनपद स्तरीय कला उत्सव 2026-27 में आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में लगातार चौथे वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जनपद स्तर पर अपना दबदबा कायम रखा।
शास्त्रीय संगीत गायन (एकल) में अभिषेक सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। समूह लोकगीत में भावना, काजल, जिज्ञासा और दिपाली की टीम ने बाजी मारी। शास्त्रीय संगीत वादन (समूह) में जान्हवी, रहनुमा और सत्यम वर्मा की टीम प्रथम रही।
इसी क्रम में लघु नाटक विधा में विशाल, नैतिक, धीरेंद्र और अंशुमान सिंह की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय संगीत वादन (तबला) में निमेष गोस्वामी ने लगातार तीसरे वर्ष प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं शास्त्रीय संगीत एकल सितार वादन में शिवम सिंह प्रथम रहे।
अन्य विधाओं में सिखा झा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि साची पांडेय और सलेहा खान ने शास्त्रीय संगीत में द्वितीय स्थान हासिल किया। शास्त्रीय नृत्य में सदफ खान तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को संगीत शिक्षक डॉ. शिव नारायण कुशवाहा (सितार वादक) का मार्गदर्शन मिला। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. पुनीत भारती और प्रबंधक सुदामा दीक्षित ने विजयी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Orai, Jalaun | Sep 12, 2026