#बालाघाट
वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए नहरों और रेलमार्गों पर होंगे विशेष इंतजाम
वन विभाग की टास्कफोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर आदित्य सिंह ने दिए निर्देश
जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा, वन भूमि से जुड़े मामलों के निराकरण तथा वन विभाग से संबंधित विभिन्न विभागीय प्रकरणों की समीक्षा के लिए सोमवार 23 नवम्बर को कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में वन विभाग की टास्कफोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर नहरों एवं रेलमार्गों पर आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्थाएं करने, वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों में आर्मर्ड केबल लगाने, वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने तथा वन अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त दावों के निराकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री नित्यानंदम एल, श्री रेशम सिंह धुर्वे, श्री सुंदर निवेदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ढूटी नहर में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बनेंगी विशेष संरचनाएं
बैठक में वैनगंगा संभाग के अंतर्गत ढूटी नहर में हाल ही में एक बायसन (गौर) की मृत्यु की घटना पर चर्चा की गई। बताया गया कि ढूटी नहर का लगभग 10 से 12 किलोमीटर हिस्सा वन क्षेत्र से होकर गुजरता है। इस क्षेत्र में वन्यप्राणियों की सुरक्षा एवं उनके सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत 30 मीटर एवं 50 मीटर की विशेष संरचनाएं बनाए जाने का प्रस्ताव है, ताकि वन्यप्राणी सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें।
रेलमार्गों पर ट्रेनों की गति नियंत्रित करने का प्रस्ताव
बैठक में तिरोड़ी-तुमसर एवं लामता-पादरीगंज रेलमार्ग पर वन्यप्राणियों के ट्रेन से कटने की घटनाओं पर चिंता जताई गई। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील वन क्षेत्रों में ट्रेनों की गति नियंत्रित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बताया गया कि तुमसर-तिरोड़ी रेललाइन के लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में घना वन क्षेत्र है। वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र में दिन के समय ट्रेनों की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा तथा रात्रि में 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित करने का प्रस्ताव है। इसी प्रकार लामता-पादरीगंज रेलखंड में वर्तमान में 45 किलोमीटर प्रति घंटा की गति को भी कम करने की आवश्यकता बताई गई। इस संबंध में नागपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
वन क्षेत्रों में बिजली लाइनों पर लगाए जाएंगे आर्मर्ड केबल
वन्यप्राणियों को बिजली लाइनों से होने वाले संभावित नुकसान से बचाने के लिए वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों में आर्मर्ड केबल वायर लगाने पर जोर दिया गया। बैठक में विशेष रूप से लालबर्रा-सोनेवानी, कटंगी, बैहर एवं उकवा क्षेत्र में आर्मर्ड केबल लगाने की आवश्यकता बताई गई, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में वन भूमि पर खनिज उत्खनन के लिए पट्टा स्वीकृति से संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही पेसा अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत ग्राम सभा के माध्यम से बांस कटाई का कार्य कराए जाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त दावों की समीक्षा करते हुए बैहर विकासखंड के ग्राम कोहका में 6 तथा ग्राम भंडारपुर में 1 सामुदायिक वन अधिकार दावे को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम जामझिरिया, टाटीघाट एवं सांवरझोड़ी तथा बैहर विकासखंड की ग्राम पंचायत पाथरी के ग्राम माड़ी और ग्राम पंचायत अडोरी के ग्राम कुंडेकसा एवं उसरी में कुल 98 व्यक्तिगत वन अधिकार दावों को स्वीकृति दी गई। इस प्रकार बैठक में कुल 7 सामुदायिक एवं 98 व्यक्तिगत, यानी 105 वन अधिकार दावों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती प्रीति मर्सकोले, अधीक्षण यंत्री एमपीईबी श्री दीपक उइके, कार्यपालन यंत्री वैनगंगा संभाग श्री योगेंद्र सिंह ठाकुर, जल संसाधन सर्वेक्षण संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री घनश्याम मरावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #indianrailways #minforestmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026