#बालाघाट
टीएल बैठक में कलेक्टर आदित्य सिंह ने की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा
जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में सोमवार 23 नवम्बर को जिला स्तरीय टीएल (समय-सीमा) बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री सुधीर जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जन विश्वास अभियान के शिविरों में शिकायतों का वास्तविक निराकरण करें
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों एवं उनमें प्राप्त होने वाली शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर केवल औपचारिक कार्रवाई कर खानापूर्ति न करें, बल्कि प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक एवं वास्तविक निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इसके लिए सभी तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करें और आमजन की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करें। आगामी 27 नवंबर को बिरसा विकासखंड के एक ग्राम में जन विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारियों को बिरसा विकासखंड के उन गांवों का विशेष रूप से भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां सीएम हेल्पलाइन की अधिक शिकायतें लंबित हैं।
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश
बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर खैरलांजी तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
100 नक्सल प्रभावित गांवों में बढ़ाया जाएगा दुग्ध उत्पादन
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीणों को रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इन गांवों में दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए नए मिल्क रूट निर्धारित करने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इससे ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बैठक में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित लंबित मामलों में आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर पात्र आवेदकों को नियमानुसार नियुक्ति प्रदान करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, जन शिकायतों के निराकरण और समय-सीमा के प्रकरणों के निपटारे में पूरी गंभीरता बरतें। आम नागरिकों को शासकीय कार्यालयों में अनावश्यक परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो, यह सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp