#बालाघाट
मड़ई मेलों में खाद्य सामग्री एवं झूलों की सुरक्षा जांच, दूषित पानी कराया गया नष्ट
राजस्व, पंचायत, पुलिस एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने समनापुर, हीरापुर और रतनारा के मेलों का किया निरीक्षण
तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम समनापुर, हीरापुर एवं रतनारा में आयोजित मड़ई मेलों में आमजन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। तहसीलदार बालाघाट सुश्री छवि पंत एवं जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री फिरदौस शाह की उपस्थिति में राजस्व, पंचायत, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मेले में संचालित खाद्य दुकानों एवं मनोरंजन के साधनों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान चाऊमीन, फुल्की सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी डेट की जांच की गई। साथ ही खाद्य सामग्री तैयार करने एवं परोसने में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दुकानों में पेयजल के रूप में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता भी जांची गई। गुणवत्ता ठीक नहीं पाए जाने पर संबंधित पानी को मौके पर ही डिस्पोज कराया गया।
खाद्य विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। झूलों की सेफ्टी जांच कर संचालकों को निर्धारित एवं नियंत्रित गति से झूले संचालित करने तथा सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य मड़ई मेलों में आने वाले ग्रामीणों, बच्चों एवं अन्य नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करना है।
#CMMadhyaPradesh
#foodsuppliesmp
#healthminmp
#JansamparkMP