रेलवे ट्रैक पर मिला 18 वर्षीय युवक का शव, घर से रात में निकला था विक्रम...
अर्जुनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला शव, आधार कार्ड से हुई पहचान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार...
#गोंडा। गोंडा-बढ़नी रेलखंड पर अर्जुनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लखनीपुर पंचायत के मखदूम पुरवा निवासी विक्रम कोरी (18) पुत्र अयोध्या प्रसाद के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112, स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के जरिए युवक की पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार, विक्रम शुक्रवार रात करीब नौ बजे बिना बताए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
विक्रम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
Balrampur, Balrampur | Nov 7, 2026