अग्नि सुरक्षा में लापरवाही पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 2 प्रतिष्ठान सीज
उदयपुर, 24 जून। शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को दो प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मेवाड़ बैंक्वेट और बालाजी कोचिंग संस्थान के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी द्वारा पूर्व निरीक्षण में दोनों प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी पाई गई थी। इसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस के बावजूद सुरक्षा मानकों की पालना नहीं की गई।
आयुक्त ने कहा कि अग्नि सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैंक्वेट हॉल, कोचिंग संस्थान, होटल, अस्पताल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी सीधे लोगों की जान को खतरे में डालती है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि शहर में लगातार सर्वे और निरीक्षण अभियान जारी है। जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे और समय पर सुधार नहीं होने पर सीजिंग सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निगम आयुक्त ने सभी व्यवसायिक संस्थानों और भवन मालिकों से अपील की है कि वे फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग सहित सभी सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोका जा सके।
कार्रवाई के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा, सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा, निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#Udaipur #FireSafety #NagarNigamUdaipur #UdaipurNews #BreakingNews #LakeCityNews #RajasthanNews #FireDepartment #PublicSafety #NewsUpdate