एक दिन, एक घंटा, एक साथ अभियान में काको सूर्य मंदिर घाट पर हुआ श्रमदान
जहानाबाद : स्वच्छता ही सेवा (SHS) 2026 अभियान के तहत बुधवार को जिले में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में काको सूर्य मंदिर घाट पर सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। डीएम ने स्वयं श्रमदान करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों और सामुदायिक परिसरों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त रखने की अपील की।
कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों और सामुदायिक परिसरों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों, जीविका दीदियों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान कचरे का संग्रहण एवं उचित निस्तारण, नालियों की सफाई सहित विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां की गईं। लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे के उचित प्रबंधन के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी विभाग या स्वच्छता कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर जहानाबाद का निर्माण संभव है।