आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की खिलखिलाहट के बीच मनाया गया ‘आंगन का मिलन’
जहानाबाद : काको प्रखंड के अमथुआ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-142 में गुरुवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, माताओं और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। मंत्री ने केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया और उनकी प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान बच्चों के बीच फल, मिठाई और उपहार वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मंत्री ने केंद्र परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं पोषण संबंधी स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। स्टॉलों के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, पूरक पोषाहार, टेक होम राशन, वृद्धि निगरानी, स्कूल-पूर्व शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में गोदभराई और अन्नप्राशन की रस्म भी कराई गई। मंत्री ने गर्भवती महिला जूली कुमारी को पोषण किट प्रदान किया। छह माह के बच्चे साजिया खातून को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। उन्होंने माताओं से स्वयं और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस अवसर पर सेविका, सहायिका, आशा और जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया। पीएम मातृ वंदना योजना की लाभुक रेणु कुमारी तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की लाभुक शबनम प्रवीण को प्रमाण-पत्र दिया गया।
मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र सिर्फ पोषण देने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के शुरुआती सीखने, स्वास्थ्य और समग्र विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। ‘हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ परिवार और समुदाय को इससे जोड़ने की जरूरत है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, डीपीओ आइसीडीएस निपुन कुमारी सहित सभी सीडीपीओ, सेविका-सहायिका, आशा, जीविका दीदियां, लाभुक और अन्य लोग मौजूद रहे।