माननीय मंत्री, पर्यटन विभाग, बिहार-सह-प्रभारी मंत्री, सिवान श्री केदार प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में जिला बाढ़ अनुश्रवण समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संवाद कक्ष, अम्बेडकर भवन में संपन्न हुई।*
सिवान,23 जून 2026 मंगलवार।
समीक्षात्मक बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री महोदय के द्वारा आपदा प्रबंधन विभाग की तैयारियों से संबंधित विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले की अद्यतन स्थिति और कार्ययोजना की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 10 संभावित बाढ़ प्रवण अंचल हैं। इनमें सारण तटबंध (गोपालगंज, गंडक) के प्रभाव वाले प्रखंड (बड़हरिया, गोरेयाकोठी, लकड़ीनबीगंज, बसंतपुर, भगवानपुर हाट) तथा सरयू नदी के जलस्तर से प्रभावित होने वाले प्रखंड (दरौली, रघुनाथपुर, आंदर, सिसवन, गुठनी) शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जलस्तर की निगरानी के लिए गेज साइट्स को एक्टिव कर दिया गया है।
बाढ़ और सुखाड़ की किसी भी स्थिति से सुचारू रूप से निपटने के लिए जिला स्तर पर 16 विशिष्ट कोषांगों को सक्रिय किया गया है। इनमें मुख्य कोषांग, तटबंध सुरक्षा कोषांग, स्वास्थ्य कोषांग, नाव परिचालन कोषांग, खाद्य आपूर्ति एवं पैकेजिंग कोषांग, और जिला आपातकालीन संचालन केंद्र कोषांग शामिल हैं, जो आपस में समन्वय बनाकर 24X7 काम करेंगे।
बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि बाढ़ की स्थिति में भी जिले के सभी 33/11 KV के विद्युत शक्ति उपकेंद्रों (महाराजगंज में 14 और सिवान में 18) का मेंटेनेंस कार्य समय से पूरा रखते हुए बुनियादी विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा जाए।
समीक्षा के अंत में माननीय मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार आपदा प्रभावितों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का संकल्प है कि आपदा की घड़ी में हर नागरिक तक त्वरित मदद पहुंचे। सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहें, तटबंधों की चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग की जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।
बैठक में 20 सूत्री के सभी सदस्य, माननीय सांसद, सिवान, माननीय अध्यक्ष जिला परिषद, माननीय विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा जिला प्रशासन से जिला पदाधिकारी, श्री विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक, श्री पूरण कुमार झा, उप विकास आयुक्त, श्री मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता, श्री प्रमोद कुमार राम, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, आई०ए०अंसारी सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी और अभियंतागण उपस्थित रहें।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Disaster Management Department Govt. of Bihar #siwan
16 views | Siwan, Bihar | Jun 23, 2026