जिलास्तरीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह–2026 संपन्न, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
श्लोक पाठ, संस्कृत संभाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच में जिलास्तरीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह–2026 के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति एवं साहित्य के प्रति रुचि जागृत करना तथा उनकी साहित्यिक, भाषायी एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह के अंतर्गत श्लोक पाठ, संस्कृत संभाषण एवं संस्कृत चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तीनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
श्लोक पाठ प्रतियोगिता में श्यामा कुंवर प्रथम
श्लोक पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संस्कृत श्लोकों का सस्वर एवं भावपूर्ण पाठ प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच की कक्षा 10वीं की छात्रा सुश्री श्यामा कुंवर ने प्रथम, इसी विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा सुश्री विशाखा ने द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपलिया हांडी की कक्षा 11वीं की छात्रा सुश्री रीना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
संस्कृत संभाषण में कशिश पाटीदार ने हासिल किया प्रथम स्थान
संस्कृत संभाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में अपने विचार व्यक्त कर भाषा के व्यावहारिक प्रयोग और संवाद कौशल का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय, नीमच की कक्षा 11वीं की छात्रा सुश्री कशिश पाटीदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सौफिया हायर सेकेंडरी स्कूल, रतनगढ़ की कक्षा 12वीं की छात्रा सुश्री मीनाक्षी द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पडदा की कक्षा 10वीं की छात्रा सुश्री मयूरी तृतीय स्थान पर रहीं।
संस्कृत चित्रकला में यशोदा प्रथम
संस्कृत चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से संस्कृत भाषा, महाकवि कालिदास के जीवन एवं उनकी साहित्यिक रचनाओं से जुड़े विषयों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अठाना की कक्षा 12वीं की छात्रा सुश्री यशोदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरथुन की छात्रा सुश्री अक्षरा रावत द्वितीय तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच की कक्षा 10वीं की छात्रा सुश्री महिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
संभाग स्तरीय समारोह में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता विद्यार्थी
जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में तीनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 23 अक्टूबर 2026 को उज्जैन में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मुंदड़ा तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच के प्राचार्य श्री अरविंद कुमार शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही संस्कृत भाषा, महाकवि कालिदास की साहित्यिक परंपरा और भारतीय ज्ञान-परंपरा से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। ये कार्यक्रम संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन तथा विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और साहित्य के प्रति सम्मान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच
5 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026