जिले में पल्स पोलियो अभियान का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील, 22 से 24 नवंबर तक चलेगा अभियान
जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय नीमच में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चौहान ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाना शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले के प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को अभियान के प्रथम दिन नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। इससे बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी एवं उससे होने वाली स्थायी विकलांगता से सुरक्षित रखा जा सकेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं हाई रिस्क क्षेत्रों में ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं, जो 22, 23 एवं 24 नवंबर तक लगातार सेवाएं प्रदान करेंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं तथा अभियान में सहयोग करें।
शुभारंभ कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटील, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रतिनिधि डॉ. ऋषभ बजाज सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के पश्चात अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समस्त नोडल अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों में संचालित पल्स पोलियो अभियान का निरीक्षण भी किया गया।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच