जिला पंचायत सीईओ ने राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह छात्रावास का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश, प्रत्येक विद्यार्थी के नाम से पौधारोपण करने को कहा
#मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने शनिवार को #जावद विकासखंड के नगर परिषद डीकेन स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध भोजन, स्वच्छता, पेयजल एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं मेन्यू के अनुसार भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान दाल-चावल, मिक्स वेज एवं रोटी का भोजन तैयार पाया गया। छात्रावास के वार्डन श्री रामलाल मालवीय ने बताया कि छात्रावास में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के कुल 45 विद्यार्थी दर्ज हैं।
श्री वैष्णव ने विद्यार्थियों के आवासीय कक्षों, साफ-सफाई, पेयजल एवं पानी की निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की खिड़कियों में जालियां लगवाने, रंगाई-पुताई कराने तथा परिसर में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य करवाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने छात्रावास परिसर में पौधारोपण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के नाम से एक पौधा लगाया जाए तथा पौधे के साथ संबंधित विद्यार्थी का नाम भी अंकित किया जाए। इससे विद्यार्थियों में पौधों की देखभाल के प्रति जिम्मेदारी विकसित होगी और वे पर्यावरण संरक्षण के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, जनपद पंचायत सीईओ श्री शैलेन्द्र सिंह, छात्रावास स्टाफ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच