छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने किया शेखपुरा नगर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा सुश्री प्रियंका कुमारी ने आज शेखपुरा नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रहे साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने पुलपोखर छठ घाट (कच्ची रोड), अरघौती छठ घाट एवं रतोइया घाट बाईपास सहित नगर क्षेत्र के विभिन्न घाटों का जायजा लिया। पुलपोखर छठ घाट पर चल रहे तैयारियों से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। अरघौती छठ घाट पर पानी की अधिक गहराई को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, रतोइया घाट बाईपास पर घाट की रंगाई-पुताई, पानी भरने एवं साफ-सफाई का कार्य प्रगति पर पाया गया।
एसडीएम ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संध्याकालीन एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गहरे एवं संवेदनशील जल क्षेत्रों में पर्याप्त बैरिकेडिंग के साथ गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
महिला छठव्रतियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए घाटों पर चेंजिंग रूम, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई, सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर सभी आवश्यक तैयारियां ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
छठ महापर्व के प्रति अपने आत्मीय जुड़ाव को व्यक्त करते हुए एसडीएम सुश्री प्रियंका कुमारी ने कहा, "छठ महापर्व से मेरा बचपन से ही विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। इस महापर्व की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता को मैंने सदैव निकटता से अनुभव किया है। आज प्रशासनिक दायित्व के निर्वहन के क्रम में इस पावन पर्व की तैयारियों से जुड़ना तथा छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने में योगदान देना मेरे लिए विशेष संतोष एवं सौभाग्य का विषय है। जिला प्रशासन, शेखपुरा का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति के साथ निर्बाध एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।"
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस महापर्व के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी श्रद्धालु को घाटों पर अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।