महादलित टोले में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के साथ मनाई दीपावली की खुशियां, पटाखे, मोमबत्ती और मिठाइयां बांटकर दिया सामाजिक समरसता का संदेश।
आज दिनांक 07.11.2026 को दीपावली के पावन अवसर पर शेखपुरा प्रखंड के नगर क्षेत्र अंतर्गत समाज के प्रत्येक वर्ग तक पर्व की खुशियां पहुंचाने तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, शेखपुरा की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु ने महादलित टोले का दौरा कर वहां के बच्चों एवं परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदय ने शेखपुरा नगर में महादलित टोले के बच्चों के बीच पटाखे, मोमबत्तियां एवं मिठाइयों का वितरण किया। पर्व के अवसर पर उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। अधिकारियों ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों, प्रेम और आपसी सद्भाव का त्योहार है। इस पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति और परिवार तक खुशियां पहुंचे। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता, भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना ही एक बेहतर समाज के निर्माण का आधार है। वहीं, पुलिस अधीक्षक महोदय ने भी बच्चों एवं परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का संदेश दिया। जिला प्रशासन की इस पहल से महादलित टोले के परिवारों में विशेष उत्साह देखने को मिला। और अधिकारियों की उपस्थिति और उनके द्वारा बच्चों के बीच खुशियां बांटने की पहल ने दीपावली के इस अवसर को और भी यादगार बना दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि त्योहार केवल व्यक्तिगत खुशियों का अवसर नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी अवसर है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।