अपराध की साजिश रच रहे दो युवक गिरफ्तार, पिस्टल और दो जिंदा पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों युवकों की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है।
सोमवार की देर रात करीब 12:50 बजे अवर निरीक्षक रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मोती चौक स्थित एसबीआई एटीएम के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, केएफ 7.05 का एक जिंदा कारतूस और 3.8 एमएम केएफ का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खगौल थाना क्षेत्र के आनंदपुरी निवासी विनोद कुमार के पुत्र अजय कुमार और छोटी बदलपुरा निवासी लक्ष्मण चौधरी के पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल की जा रही बीआर01डीडब्ल्यू2922 नंबर की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
इस मामले में खगौल थाना कांड संख्या 571/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अंशु कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में खगौल थाना में चोरी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं, दूसरे आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है