भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या परिगणना) हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या परिगणना) के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु जिला/चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों एवं अन्य शासकीय सेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 30.10.2026 को समाहरणालय कक्ष, प्रथम तल, मुजफ्फरपुर में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन श्री कुमार गौरव (भा0प्र0से0)जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता(रा0), जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी/कार्यपालक पदाधिकारी एवं अपर चार्ज पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य शासकीय सेवक उपस्थित रहे।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम 30.10.2026 से 04.11.2026 तक तीन बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच 30.10.2026 से 31.10.2026, द्वितीय बैच 01.11.2026 से 02.11.2026 तथा तृतीय बैच 03.11.2026 से 04.11.2026 तक संचालित होगा।
जनगणना निदेशालय द्वारा नामित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-नोडल पदाधिकारी श्रीमती नीतू कुमारी एवं सुश्री मोनी शर्मा द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयं गणना (Self Enumeration) की सुविधा के संबंध में विशेष रूप से जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत नागरिकों को स्वयं अपनी अपेक्षित सूचनाएँ ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है। इस प्रक्रिया की कार्यप्रणाली एवं उपयोग के संबंध में प्रशिक्षकों द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों द्वारा ईवी स्प्लिटिंग तथा जनसंख्या गणना हेतु विकसित मोबाइल ऐप के संचालन एवं उपयोग के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मोबाइल ऐप के विभिन्न फीचर्स, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया तथा जनगणना कार्य में इसके उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया गया।
बताया गया कि जनसंख्या परिगणना का कार्य पूर्णतः डिजिटल मोड में संचालित किया जाएगा, जिसकी निर्धारित अवधि 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी। जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 8(1) के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक/परिवार से निर्धारित 40 बिंदुओं पर सूचनाएँ एकत्रित की जाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या परिगणना की प्रक्रिया, संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के दायित्व, तकनीकी कार्यप्रणाली तथा जनगणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सटीक, सूक्ष्म एवं त्रुटिरहित तरीके से भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराना है। इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा जनगणना कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार से संबंधित सभी चार्ज पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को स्वयं गणना सहित जनगणना की पूरी प्रक्रिया के संबंध में पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण को गंभीरतापूर्वक ग्रहण करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुरूप जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपादित करने का निर्देश दिया गया।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar