पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, विधायक नीरज नैयर ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
चम्बा 28 नवंबर 2026
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य बिंदु कुमारी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
समारोह में उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मुख्य अतिथि विधायक नीरज नैयर ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और कड़ी मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, प्रधानाचार्य बिंदु कुमारी ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापक वर्ग, एसएमसी सदस्य, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
#Chamba #SarolSchool #NeerajNayyar #AnnualPrizeDistribution #Education #HimachalPradesh #TribalLiveNews
Chamba, Chamba | Nov 28, 2026