👩👩👧👦 जाटोवाला में महिलाओं ने भरी एकजुटता की हुंकार, 200 प्रतिनिधियों ने लिया संगठन मजबूत करने का संकल्प
दिशा सोशल ऑर्गेनाइजेशन के जागरूकता कैंप में महिला अधिकार, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा, नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया महिला समानता का संदेश
📍 जाटोवाला (सहारनपुर), 18 नवंबर।
महिला अधिकारों की आवाज बुलंद करने और ग्रामीण महिलाओं को संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दिशा सोशल ऑर्गेनाइजेशन, सुल्तानपुर चिलकाना के तत्वावधान में बुधवार को ग्राम जाटोवाला, ब्लॉक सढोली कदीम में समुदाय आधारित संगठन विषय पर जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 संगठन प्रतिनिधियों ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव के मुद्दों पर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मुद्दों पर आधारित चेतना गीत और जोरदार नारों के साथ हुआ। अध्यक्ष मंडल में सावित्री, नूरजहां, मंतलेश और मीनू सहित महिलाओं ने भागीदारी की। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सतीश कुमार ने दिशा संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से महिलाओं के अधिकारों और उन्हें समान अवसर दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है।
कार्यक्रम समन्वयक पी. राम ने संस्था की 45 वर्षों की सामाजिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दिशा संस्था गरीब, शोषित और महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा महिलाओं से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
प्रोग्राम कॉर्डिनेटर तसनीम ने जन संगठनों की संरचना और उनकी भूमिका समझाते हुए महिलाओं से अपनी कमेटियों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संगठनों के माध्यम से पात्र लोगों तक सरकार की विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कॉर्डिनेटर शाहीन परवीन ने महिला हिंसा के मुद्दे पर जागरूक करते हुए बेटा-बेटी को समान खान-पान और शिक्षा के अवसर देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नारी सशक्त होगी तो देश भी मजबूत होगा।
वहीं, कॉर्डिनेटर अरुण कुमार ने जीरामजी कानून की प्रमुख जानकारियां देते हुए महिलाओं से जॉब कार्ड बनवाने और रोजगार की मांग करने की अपील की। उन्होंने खाद्य सुरक्षा कानून के बारे में भी जानकारी दी। सहायक कॉर्डिनेटर रेखा शर्मा ने बताया कि संस्था की ओर से महिला प्रकोष्ठ गठित किया गया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक माह की 10 तारीख को नारी अदालत लगाकर महिला हिंसा से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाती है। उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
🎭 नुक्कड़ नाटक ने दिया महिला समानता का संदेश
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 'वी कैन अर्थात मुमकिन है अभियान' के तहत प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से महिला हिंसा और महिला समानता जैसे गंभीर मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से उठाया गया। नाटक में तसनीम, अरुण कुमार, रजनीश, रेखा शर्मा, हरिचन्द, नीलम, मुकेश, कुंता, दीपक, बलकेश, सुमन, गीता और रियासत अली सहित अन्य कलाकारों ने भूमिकाएं निभाईं।
कार्यक्रम का संचालन अरुण कुमार एवं नीलम ने किया। इस अवसर पर सुमन बेगम, रीता, सुमन और सुनीता सहित अनेक महिलाओं एवं संगठन प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।