प्रेमजाल में फंसाकर इंटर की छात्रा की हत्या का आरोप, बहन का देवर और उसका दोस्त नामजद
●गुमशुदगी के 24वें दिन नए पुल के पुराने टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव, पिता ने लगाया गंभीर आरोप
बारा। स्कूल जाने के लिए घर से निकली इंटर की छात्रा की गुमशुदगी का मामला 24वें दिन सनसनीखेज हत्या के आरोप में बदल गया। नैनी क्षेत्र में नए पुल के समीप बंद पड़े पुराने टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में छात्रा का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने अपनी बड़ी बेटी के देवर पर प्रेमजाल में फंसाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कौंधियारा थाना क्षेत्र के हड़हा (जारी) निवासी नानबाबू बिंद की 19 वर्षीय बेटी रोशनी बिंद तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। वह क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। 26 अक्तूबर को वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, मगर उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने 28 अक्तूबर को कौंधियारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुरुवार को नैनी क्षेत्र में पुराने टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में एक युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। गर्दन और दोनों हाथ गायब थे, जबकि चेहरे को भी जानवरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। शरीर के आंतरिक अंग भी गल चुके थे। शव के पास मिले बैग और उसमें रखे कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे पिता और अन्य परिजनों ने शव की पहचान रोशनी के रूप में की।
पिता ने तहरीर में बड़ी बेटी के देवर अजय कुमार निवासी सरहरा, कौंधियारा और उसके दोस्त पवन यादव को नामजद किया है। आरोप है कि अजय ने रोशनी को प्रेमजाल में फंसाया था और इसी मामले में उसकी हत्या की गई। पुलिस नामजद आरोपियों की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
●पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं
शव पुराना होने के कारण पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सकों ने आगे की जांच के लिए विसरा और वेजाइनल स्वाब सुरक्षित रखा है। अनुमान है कि छात्रा की मौत दो से तीन सप्ताह पहले हुई थी। अब फोरेंसिक जांच और पुलिस विवेचना से मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
●छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
— मनीष शांडिल्य, डीसीपी यमुनानगर
Bara, Allahabad | Nov 20, 2026