आज दिनांक 02 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में सोमवारीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित मामलों, राजस्व कार्यों, नीलामपत्रवाद, जन शिकायतों के निष्पादन, सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी अंचल अधिकारियों को विभिन्न विभागों के अंतर्गत सरकारी भवनों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का चिह्नितीकरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों के निर्माण में भूमि की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अंचलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि निर्माण कार्यों को समय पर शुरू कराया जा सके। नीलामपत्रवाद की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सप्ताह में कम-से-कम दो दिन न्यायालय में बैठकर मामलों की सुनवाई करने और अधिक राशि वाले एवं पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने तथा बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीलामपत्रवाद से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत वसूली सुनिश्चित की जाए।कायाकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां (एंट्री) शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर एवं यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभागीय पेज की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबंधित सोशल मीडिया पेज को फॉलो एवं लाइक करने तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित चार-चार टेस्टिमोनियल (लाभुकों के अनुभव) एवं सफलता की कहानियां तैयार कर सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की वास्तविक कहानियों को सामने लाना आवश्यक है। इससे आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा।
जिले में संचालित नशामुक्ति अभियान की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने मध्य निषेध पदाधिकारी को अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की पूरी जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के अंदर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। इसमें मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवाद, जनता दरबार प्राप्त आवेदन और सीपी ग्राम, सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजेसी सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित आवेदनों को शामिल किया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इन मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने योजना के लाभ से अधिक से अधिक लोगों को आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आम नागरिकों के बीच योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकाधिक लोगों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र परिवार इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकें।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला पदाधिकारी महोदय ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता (जांच), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat