लाहौल में भारी बर्फबारी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन, रोपसंग नाला के पास फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में जुटी पुलिस
केलंग। हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले में भारी बर्फबारी के बीच पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस का बचाव अभियान लगातार जारी है। केलंग के समीप रोपसंग नाला के पास भारी बर्फबारी और सड़क पर अत्यधिक फिसलन के कारण कई पर्यटकों के वाहन बर्फ में फंस गए। सूचना मिलते ही लाहौल एवं स्पीति पुलिस की स्थानीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में आज सुबह से ही भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे सड़क पर आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। प्रतिकूल मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद पुलिस जवान मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस टीम फंसे हुए वाहनों और उनमें सवार पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
लगातार हो रही बर्फबारी के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां पेश आ रही हैं, लेकिन पुलिस कर्मी विषम परिस्थितियों में भी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों और पर्यटकों की सहायता तथा सुरक्षा के लिए जवान हर परिस्थिति में मुस्तैद हैं।
लाहौल एवं स्पीति पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बर्फबारी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम तथा सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही सफर करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।