*बस्ती - यूरोकिड्स एवं दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल में धूमधाम से मना हिन्दी दिवस, वाद-विवाद और भाषण में बच्चों ने बिखेरा हुनर*
जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 14 सितंबर 2026
बस्ती। पचपेड़िया रोड स्थित शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान यूरोकिड्स प्री-स्कूल एवं दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल में 14 सितंबर को हिन्दी दिवस अत्यंत उत्साह, उमंग और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। विद्यालय प्रांगण हिन्दीमय हो गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में मातृभाषा के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और भाषाई कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें चारों सदनों रेड, येलो, ग्रीन और ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
*मातृभाषा हमारी पहचान और संस्कृति का आधार - प्रबंधक अमर मणि पांडेय*
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अमर मणि पांडेय ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल संवाद की भाषा नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर, राष्ट्रीय अस्मिता, एकता और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मंच पर हिन्दी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। हमें अपनी भाषा और मूल्यों पर गर्व करना चाहिए और हिन्दी के प्रचार-प्रसार में योगदान देना चाहिए।
*प्रतियोगिताओं से निखरता है व्यक्तित्व - प्राचार्या अर्चना पांडेय*
विद्यालय की प्राचार्या अर्चना पांडेय ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि इस तरह की साहित्यिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व और अभिव्यक्ति कौशल को निखारती हैं। बच्चों ने जिस उच्च भाषाई स्तर, शुद्ध उच्चारण और ओजस्वी प्रस्तुति से अपनी बात रखी, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*ये रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम -*
कड़े मुकाबले के बाद निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किए।
*वाद-विवाद प्रतियोगिता (Debate Competition) में -*
*विजेता : ग्रीन हाउस* को उत्कृष्ट तार्किक प्रस्तुति और टीम वर्क के लिए विजेता घोषित किया गया।
*भाषण प्रतियोगिता (Speech Competition) में -*
*प्रथम स्थान :* प्रणव (येलो हाउस)
*द्वितीय स्थान :* वैष्णवी (ग्रीन हाउस) एवं श्रेया (रेड हाउस)
*तृतीय स्थान :* लक्ष्य (ग्रीन हाउस)
*सांत्वना पुरस्कार :* शाश्वत पांडेय (ब्लू हाउस) व रूही यादव (रेड हाउस)
*अकादमिक इंचार्ज ने बताया मातृभाषा का महत्व*
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा और शैक्षणिक संचालन विद्यालय की अकादमिक इंचार्ज दिव्या पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि विचार अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त और स्वाभाविक माध्यम मातृभाषा ही है। जब बच्चे बेझिझक अपनी भाषा में विचार रखते हैं तो उनकी बौद्धिक व रचनात्मक क्षमता का सर्वांगीण विकास होता है।
वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों के ओजस्वी वक्तव्य और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं और अपनी मातृभाषा को समृद्ध बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस पूरे आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में शिक्षिकाओं नीलम चौधरी, लक्ष्मी वर्मा, रिचिका सिंह, आयाज अहमद, प्रिया पांडेय, रश्मि शुक्ला, दीपांजलि एवं नंदिनी गडिया, आफताब शेख, उत्कर्ष श्रीवास्तव, प्रीति आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हर्षोल्लास के बीच हुआ।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 14, 2026