*बस्ती - मातृभाषा का सम्मान सर्वोपरि है - डीआईजी संजीव त्यागी*
हिन्दी के विकास की यात्रा को रोक पाना असंभव - विवेकानन्द मिश्र* जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 14 सितंबर 2026
बस्ती, 14 सितम्बर। हिन्दी दिवस पर पूर्वांचल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विकास संस्थान के तत्वावधान में सोमवार को प्रेस क्लब बस्ती सभागार में विचार गोष्ठी एवं सारस्वत समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी रहे। स्वागत वरिष्ठ पत्रकार जयंत मिश्रा, अनुराग श्रीवास्तव व महेन्द्र तिवारी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि मातृभाषा अपनी अंतरात्मा की अभिव्यक्ति का सबसे बड़ा माध्यम है। भारत में करोड़ों लोग हिन्दी बोलते-समझते हैं, जिससे यह बड़े जनसमूह की भाषा बन चुकी है। आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी हिन्दी को स्थान मिल रहा है। मातृभाषा का सम्मान सर्वोपरि रहना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि मातृभाषा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास और जागरूकता जरूरी है। आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजी को बढ़ावा मिलने के बावजूद हिन्दी की विकास यात्रा कभी रुकी नहीं, इसे रोक पाना असंभव है।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सत्यव्रत, मजहर आजाद, जयंत मिश्रा, प्रदीप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि हिन्दी का भविष्य उज्ज्वल है, बस्ती की धरती साहित्यकारों से समृद्ध रही है और हिन्दी दिवस केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सम्मान व संकल्प का उत्सव है। कार्यक्रम को आलोक त्रिपाठी, राजेश चित्रगुप्त, अंजुम परवीन, बीएन शुक्ला ने भी संबोधित किया।
प्रसिद्ध शायर सलीम बस्तवी ने ‘इस देश की सरहद की निगहबान है हिन्दी’ रचना प्रस्तुत की। कवि अजीत श्रीवास्तव ‘राज’, राजेन्द्र सिंह ‘राही’, तेज प्रकाश शुक्ला, अंजू वर्मा, डॉ. वीके वर्मा ने भी काव्य पाठ किया। अध्यक्षता वरिष्ठ कवि कृष्णदेव मिश्र ने की, संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय ने किया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार केडी मिश्र, आलोक त्रिपाठी, दीपक सिंह ‘प्रेमी’, सलीम बस्तवी, अजीत श्रीवास्तव ‘राज’, डॉ. वीके वर्मा, बाल कवि गरिमा श्रीवास्तव, श्रीमती अंजु वर्मा व अंजुम परवीन सहित साहित्यकारों को प्रमाण पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 14, 2026