जमुई: सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव के बीच गुजरा DM का काफिला
जमुई: थोड़ी बारिश ने सदर अस्पताल के स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। रुक- रुक कर दो दिनों से हो रही बारिश से सदर अस्पताल परिसर के चारों ओर जलजमाव हो चुका है। एसीएमओ कार्यालय और ब्लड बैंक भी गंदे पानी से घिर चुका है। नतीजतन पदाधिकारी से लेकर मरीज व स्वजन को भी गंदे पानी से होकर हो जाना पड़ रहा है। बड़ी बात तो यह है कि एक कार्यक्रम में बुधवार को दिन के 11:00 बजे सदर अस्पताल पहुंचे डीएम नवीन को भी इसी गंदे पानी से होकर ही गुजरना पड़ा, जो स्वास्थ्य व्यवस्था को आइना दिखाने के लिए काफी है। इससे साफ पता चलता है कि सफाई के प्रति स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह लापरवाह बनी हुई है और इस भीषण जलजमाव की समस्या के निदान के लिए गंभीर नहीं है। हालांकि डीएम के इंट्री के बाद नगर परिषद के वाहन से जमा पानी को निकालने की कार्रवाई शुरू की गई है।
दरअसल दो दिनों से रूक- रुक कर हो रही रिमझिम वर्षा ने सदर अस्पताल की व्यवस्था की पोल खोल दी है। बारिश की वजह से सदर अस्पताल परिसर से लेकर पुराने बने भवनों के चारों ओर जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। करीब पांच वर्षों से अधिक समय से स्थिति ज्यों का त्यों बनी हुई है। बताया जाता है कि सदर अस्पताल में पानी का निकास नहीं रहने की वजह से अमूमन यह परेशानी बारीश के दिनों में बनी रहती हैं। सदर अस्पताल के बाहर का नाला जाम रहने की वजह से सदर अस्पताल में ही पानी जमा रहता है। इसके बावजूद अबतक इसका कोई निदान नहीं निकाला जा सका है। जिससे सदर अस्पताल परिसर गंदे पानी से डूबा हुआ है और जिम्मेदार भी लापरवाह बने हुए हैं। #jamuibihar #jamuitopnews #HealthMinisterBihar #healthvibhagpatna #dmjamui
Jamui, Jamui | Sep 2, 2026