जमुई: मरीज के बेहतर देखभाल के लिए 102 एम्बुलेंस के EMT कर्मियों को दिया गया रिफ्रेशर प्रशिक्षण
102 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल के सभागार में ईएमटी कर्मियों के लिए एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण दिया गया। पटना से आए ज़ेन प्लस के प्रशिक्षक शिवशंकर प्रसाद ने ईएमटी कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की बेहतर देखभाल और आवश्यक चिकित्सा प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उक्त जानकारी मंगलवार की शाम 5:00 बजे दी है।
प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर देने की सही प्रक्रिया, मरीज की प्रारंभिक जांच, स्वास्थ्य मानकों की लगातार निगरानी और अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने के दौरान आवश्यक प्राथमिक उपचार पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षक ने कहा कि गंभीर मरीजों को रेफर किए जाने के दौरान ईएमटी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे मामलों में मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण में एम्बुलेंस को हमेशा आपातकालीन सेवा के लिए तैयार रखने तथा उसमें उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों के उचित उपयोग पर भी जानकारी दी गई। अस्पताल प्रबंधक रमेश पांडे ने कहा कि एएमटी कर्मियों की कार्यक्षमता और कौशल को बेहतर बनाए रखने के लिए समय-समय पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण देना आवश्यक है। साथ ही बताया गया कि राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेनप्लस सर्विसेज द्वारा संचालित 102 एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। जमुई जिले में वर्तमान समय में कुल 33 एम्बुलेंस संचालित की जा रही हैं। इनमें 10 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट , 21 बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस तथा 2 शव वाहन शामिल है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से लैस ये एम्बुलेंस हर दिन जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचकर त्वरित सहायता प्रदान कर रही हैं।
ज़ेन प्लस, बिहार 102 एम्बुलेंस सेवा के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक जिले में समय-समय पर रिफ्रेशर ट्रेनिंग आयोजित की जाती है, ताकि ईएमटी कर्मियों को क्रिटिकल मरीजों की स्थिति संभालने, आवश्यक प्राथमिक उपचार देने और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए लगातार प्रशिक्षित एवं अपडेट किया जा सके। #jamuinews #healthvibhag #102ambulance
Jamui, Jamui | Sep 1, 2026