समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति 1784,
दिनांक 04/11/2026,
==================
शराब तस्करों के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग की लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई:-
दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 1,635.48 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद, 05 अभियुक्त गिरफ्तार; 02 वाहन एवं 05 मोबाइल फोन जब्त, तस्करी नेटवर्क की पड़ताल जारी:-
आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० के निर्देशानुसार मद्यनिषेध विभाग, पूर्णिया द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभाग को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है।
विगत दो दिनों में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 1,635.48 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई है तथा कुल 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अतिरिक्त शराब तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन एवं पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। तस्करी के स्रोत एवं इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी अनुसंधान जारी है।
जलालगढ़ बाजार में कार्रवाई
अभियान के क्रम में दिनांक 03 नवंबर 2026 को मद्यनिषेध विभाग की टीम ने अररिया की ओर से आ रही एक नई बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ी का पीछा कर कार्रवाई की। वाहन का अगला टायर पंचर होने के बाद गाड़ी को रोका गया।
जांच के दौरान जलालगढ़ बाजार से कुल 231.48 लीटर विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन चालक फरार हो गया।
गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ तथा घटनाक्रम में आगे चल रही गाड़ी के संबंध में प्राप्त जानकारी के आधार पर शराब तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं आपूर्ति नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
04 नवंबर 2026 को 1,404 लीटर शराब की बड़ी खेप बरामद
इसी अभियान के तहत आज मद्यनिषेध विभाग, पूर्णिया द्वारा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार के सहयोग से अररिया-पूर्णिया मुख्य मार्ग पर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत काठ पुल से आगे शीशाबाड़ी के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
उत्पाद निरीक्षक श्री हरिलाल राम एवं अवर निरीक्षक मद्यनिषेध सुश्री ऋतु कुमारी के नेतृत्व में गठित टीम ने दो संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान कुल 1,404 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की। इस कार्रवाई में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
#pmmodi
#cmsamrat
#samratchoudhary
Purnia, Bihar | Nov 4, 2026