मसूरी सड़क के नीचे खिसकी जमीन, हादसे के खतरे से अंबेडकर चौक-कैमल बैक रोड बंद
कृष्णा पैलेस होटल के सामने सड़क का बेस हुआ खोखला, पालिका ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों और पैदल आवाजाही पर लगाई रोक
मसूरी अंबेडकर चौक से कैमल बैक रोड जाने वाले मार्ग पर कृष्णा पैलेस होटल के सामने सड़क के नीचे की जमीन खिसकने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क के नीचे का बेस पूरी तरह खाली होने के कारण इसके कभी भी धंसने की आशंका बनी हुई है। हादसे की आशंका को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर रात के समय आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे हुए भारी भू-धंसाव के कारण सड़क का बेस काफी हद तक खोखला हो चुका है। यदि इस हिस्से से कोई वाहन गुजरता है तो सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी धंस सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। इसी खतरे को देखते हुए फिलहाल मार्ग को पूर्ण रूप से बंद किया गया है।
पेयजल लाइनों में लीकेज से बढ़ी परेशानी
पालिका अध्यक्ष ने सड़क की स्थिति के लिए पेयजल लाइनों और जल निकासी व्यवस्था को भी जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जल निगम और जल संस्थान की ओर से पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क की खुदाई और उसके बाद की मरम्मत अपेक्षित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने से सड़क का हिस्सा कमजोर हुआ। इसके अलावा आसपास से गुजर रही कई पेयजल लाइनों में लीकेज की शिकायत है। रिस रहा पानी जमीन के भीतर जाने से मिट्टी कमजोर होती गई और अंततः सड़क के नीचे का हिस्सा खिसक गया। उन्होंने बताया कि जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को रविवार सुबह मौके पर बुलाया गया है। दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने और सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कई महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ता है मार्ग
यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी क्षेत्र में नगर पालिका अध्यक्ष और उनका आवास है, जबकि एसडीएम मसूरी का आवास भी आसपास स्थित है। इसके अलावा क्षेत्र के कई प्रमुख होटलों तक पहुंचने के लिए भी यही मुख्य मार्ग इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों और होटल कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है।
होटल में भी घुसता है बारिश का पानी
कृष्णा पैलेस होटल के संचालक ने बताया कि होटल के सामने मुख्य सड़क के नीचे काफी बड़ा हिस्सा कमजोर हो गया है। पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण बारिश और अन्य स्रोतों का पानी लगातार जमीन में जा रहा है। यही वजह है कि सड़क के नीचे की मिट्टी धीरे-धीरे कमजोर होती गई। होटल में भी समय-समय पर पानी घुसने की समस्या बनी रहती है। होटल संचालक ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की कि सड़क के नीचे मजबूत पुस्ते का निर्माण कराने के साथ ही पानी की निकासी के लिए स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि यदि अभी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में सड़क का और बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो सकता है और इससे जान-माल का खतरा भी बढ़ जाएगा।
फिलहाल सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बंद है और प्रशासन की प्राथमिकता सड़क के नीचे कमजोर हो चुके हिस्से को सुरक्षित करना तथा पानी के रिसाव की समस्या का समाधान करना है।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 5, 2026