समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत व्यावसायिक प्रशिक्षकों एवं आईसीटी इंचार्ज की बैठक आयोजित
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित नवीन व्यावसायिक शिक्षा एवं आईसीटी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यावसायिक प्रशिक्षकों एवं आईसीटी इंचार्ज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, एडीपीसी श्री एल.एस. मसराम, जिला व्यावसायिक समन्वयक एवं एपीसी श्री मुकेश पाण्डेय तथा ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया फाउंडेशन की फेलो सुश्री महिमा बरेजा सहित संबंधित प्रशिक्षक, प्राचार्य एवं आईसीटी लैब इंचार्ज उपस्थित रहे।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकडे़ ने शत-प्रतिशत नामांकन, छात्रवृत्ति एवं साइकिल वितरण तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। एडीपीसी श्री एल.एस. मसराम ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक ट्रेड में 40-40 विद्यार्थियों के नामांकन का लक्ष्य सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को ट्रेड से संबंधित विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए।
जिला व्यावसायिक समन्वयक एवं एपीसी श्री मुकेश पाण्डेय ने आईसीटी कार्यक्रम के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रारंभ किए जाने के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने अतिथि व्याख्यान, औद्योगिक एवं शैक्षणिक भ्रमण तथा ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग को प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक में सुश्री महिमा बरेजा ने विद्यार्थियों को उनके जॉबरोल के अनुसार प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी। साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी की अद्यतन पोर्टफोलियो फाइल तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिसमें व्यक्तिगत जानकारी, फोटो एवं सत्र से संबंधित प्रमाण शामिल हों।
अधिकारियों ने ग्रीष्मावकाश में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग न्यूनतम 20 दिवस अथवा 80 घंटे कराने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यंग संगम, प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षुता पोर्टल पर विद्यार्थियों का समय पर पंजीयन कराने की जानकारी दी गई।
बैठक का उद्देश्य व्यावसायिक शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं रोजगारपरक बनाना तथा विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं कौशल के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। साथ ही आईसीटी एवं नवीन तकनीकों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर भी विशेष जोर दिया गया।
Jabalpur Commissioner
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#mandla
7 views | Mandla, Madhya Pradesh | Aug 24, 2026