आयुर्वेद दिवस के पूर्व जिले में विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन
विभिन्न आयुष संस्थानों में आयुर्वेदिक प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, औषधीय पौधों की पहचान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय स्थित आयुष विंग में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर 23 सितंबर को
========================================================
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आगामी 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जिले में आयुर्वेद दिवस के पूर्व विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न आयुष संस्थानों द्वारा जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण रघुवंशी ने बताया कि जिले के शासकीय आयुर्वेद संस्थानों एवं संबंधित क्षेत्रों में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें आयुर्वेदिक प्रश्नोत्तरी, औषधीय पौधों की पहचान, चित्रकला प्रतियोगिता, दिनचर्या पर व्याख्यान, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, उमंग कार्यक्रम के अंतर्गत व्याख्यान तथा औषधालयों में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर प्रमुख रहे।
जिले के छिंदवाड़ा, पांजरा, कपूरदा, तामिया, रंगारी, हिवड़खेड़ी, कुंडा, पलटवाड़ा, रांजना, मानकदेही, बादगांव, बिंदरई, गुरैया, चांगोव एवं घोटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में इन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में लगभग 850 से अधिक लाभार्थियों ने सहभागिता की तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति, स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली और औषधीय पौधों के महत्व के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिला चिकित्सालय के आयुष विंग में होगा मुख्य कार्यक्रम - 23 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिले में मुख्य कार्यक्रम के रूप में जिला चिकित्सालय के गेट नंबर-4 में स्थित आयुष विंग में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नागरिकों को आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026