शक्ति से सृजन कार्यक्रम के माध्यम से दिया प्रकृति एवं संस्कृति संरक्षण का संदेश
भमोडी में माटी पूजन, वृक्ष पूजन एवं जल स्रोत पूजन कर सदस्यों को भेंट किए तुलसी के पौधे
==============================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजीव भांवरकर के मार्गदर्शन में सेक्टर क्रमांक-1 के परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास के नेतृत्व में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भमोडी में शक्ति से सृजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत माटी पूजन, वृक्ष पूजन एवं जल स्रोत पूजन कर प्रकृति एवं संस्कृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास ने शक्ति से सृजन कार्यक्रम की अवधारणा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। हमारी परंपराएं हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने, प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान करने तथा सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सभी से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
हर घर तुलसी अभियान का दिया संदेश - कार्यक्रम में हर घर तुलसी अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति को संजोकर रखने का संदेश दिया गया। बताया गया कि आज भारतीय पारंपरिक संस्कृति को वैश्विक स्तर पर सराहा जा रहा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक संस्कारों का हिस्सा बनाना सभी का कर्तव्य है।
ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भमोडी द्वारा सभी सदस्यों को तुलसी के पौधे भेंट किए गए। साथ ही प्रत्येक घर में तुलसी का पौधा लगाने का आह्वान किया गया। तुलसी को औषधीय पौधा बताते हुए इसके अनेक लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली महिलाओं एवं बच्चों को सभी सदस्यों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही माता रानी के समक्ष देवी गीत, भजन एवं जस गायन किया गया।
इस अवसर पर परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भमोडी की अध्यक्ष श्रीमती भाग्यवती, सचिव श्रीमती ज्योति राय, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका बावरिया, श्रीमती वर्षा, श्रीमती विनीता, श्रीमती अनिता यादव, श्री पुनीत पुरी, शकुन सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं रितिका डेहरिया, साक्षी बावरिया, पुनीत पुरी, अक्षत, उत्तम पहाड़े, महिमा, बलराम यादव तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संदेश रहा कि “प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तो संस्कृति समृद्ध होगी; और संस्कृति जीवंत रहेगी, तो समाज अपनी जड़ों से जुड़ा रहेगा।”
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh