गाली गलौज करने पर मारपीट करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
कब्जा से वारदात में प्रयोग हुई स्कूटी भी बरामद
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 13 नवंबर । 12 नवंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी अर्जुन नगर, गुरुग्राम में शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 11 नवंबर को यह दोपहर करीब 1 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर वाल्मीकि मंदिर नई बस्ती, गुरुग्राम के पास खड़ा था। इसी दौरान तुषार उर्फ निखिल, साहिल तथा अन्य व्यक्ति वहां आए और इसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। जब इसने भागने की कोशिश की तो यह गिर गया। जिसके बाद उन व्यक्तियों ने इसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वे व्यक्ति इसको स्कूटी पर डालकर लेकर आए और इसके घर के बाहर फेंक दिया। शिकायत पर थाना न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया है।
पुलिस चौकी अर्जुन नगर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में तीन आरोपियों को 13 नवंबर को नई बस्ती, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान तुषार (उम्र-25 वर्ष) व साहिल (उम्र-26 वर्ष) लोकेश उर्फ लोकी नई बस्ती उम्र तीस साल गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ की शिकायतकर्ता आरोपियों के घर के पास गाली गलौज कर रहा था। जब आरोपियों ने शिकायतकर्ता को जाने के लिए कहा तो वह नहीं गया। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपियों पर लड़ाई झगड़ा करने के संबंध में 2-2 अभियोग गुरुग्राम में अंकित हैं।
आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद की गई है।